प्रयागराज। अपने बच्चों के साथ दानापुर स्पेशल ट्रेन से सफर कर रही एक महिला का हैंडबैग एक उचक्का छीनकर ट्रेन से कूदा तो वह भी पीछा करते हुए कूद गई। घटना मंगलवार भोर की है। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार कम थी और महिला को गंभीर चोटें नहीं आईं। करछना सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरी ट्रेन से भेज दिया गया। मामले की शिकायत आरपीएफ थाने में दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के वैशाली जिला थाना महोवा गांव अपसियालपुर निवासी नूतन देवी (40) पत्नी संतोष सिंह अपनी बेटी सिमरन और बेटे साहिल कुमार के साथ दानापुर स्पेशल ट्रेन (संख्या 04088) से दानापुर जा रही थीं। यह ट्रेन नई दिल्ली से दानपुर जाती है। कोच संख्या एस-3 तीनों का रिजर्वेशन था। रात करीब तीन बजे पचदेवरा और भीरपुर के बीच नूतन देवी शोर मचाते हुए ट्रेन से नीचे कूदीं को कोच में हड़कंप मच गया।
उनकी बेटी व अन्य यात्रियों ने चेनपुलिंग का प्रयास किया लेकिन ट्रेन नहीं रुकी। यात्रियों ने घटना की शिकायत 139 पर की। ट्रेन मिर्जापुर पहुंची तो नूतन की बेटी और बेटा वहां उतर गए और रेलवे हेल्प लाइन नंबर पर संपर्क कर मां की जानकारी मांगी। इधर, नूतन किसी तरह से मिर्जापुर राजमार्ग पर पहुंचीं। यहां से गुजर रहे यात्रियों की मदद से करछना थाने पहुंची। पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना आरपीएफ कंट्रोल को दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सीएचसी करछना ले जाया गया। इस बीच पुलिस ने नूतन की उनके बच्चों से बात कराई।
सूचना पर आरपीएफ छिवकी सीएचसी पहुंची और घायल महिला को अपने साथ स्टेशन लेकर आई। कुछ देर में यहां उनकी बेटी व बेटा भी पहुंच गए। आरपीएफ थाने में महिला की शिकायत दर्ज कर सभी को अन्य ट्रेन से उनके गंतव्य के लिए भिजवाया। पीडि़ता ने बताया कि हैंडबैग में सोने का एक हार, अंगूठी, पायल, पांच हजार रुपये व मोबाइल फोन था। आरपीएफ इंस्पेक्टर एके यादव ने बताया कि महिला का पर्स छीनकर एक युवक ट्रेन रुकने पर कूदकर भाग रहा था। इस पर महिला भी उसके पीछे गई और ट्रैक पर गिरने से उसे चोट आई है। उसकी शिकायत दर्ज कर ली गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

