गर्मी से बिजली व्यवस्था पर दबाव, सप्लाई सुधार की कोशिश
प्रयागराज। भीषण गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति बनाए रखना विभागीय अधिकारियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। चिलचिलाती धूप और लू के चलते बिजली की मांग चरम पर पहुंच गई है। घरों, दफ्तरों और दुकानों में एयर कंडीशनर, कूलर तथा पंखों के अत्यधिक उपयोग से बिजली व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है।
बढ़ते बिजली लोड का सीधा असर ट्रांसफार्मरों पर दिख रहा है। अधिक तापमान और ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर तेजी से गर्म हो रहे हैं, जिससे उनके ट्रिप होने और खराब होने की आशंका बढ़ गई है। हाल ही में शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर ओवरहीट होने से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
इन चुनौतियों से निपटने के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम ने नई पहल शुरू की है। विभाग अब ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए कूलर और बड़े पंखों का उपयोग कर रहा है। शहर के प्रमुख पावर हाउसों में ट्रांसफार्मरों के सामने डेजर्ट कूलर लगाए गए हैं, ताकि उनके तापमान को नियंत्रित किया जा सके। यह व्यवस्था बमरौली, चौफटका और करेली जैसे क्षेत्रों के पावर हाउसों में भी लागू की गई है। यहां लगाए गए कूलर लगातार ठंडी हवा देकर मशीनों के तापमान को संतुलित बनाए रखने में मदद कर रहे हैं।
बिजली विभाग का कहना है कि इस कदम से ट्रांसफार्मर ट्रिपिंग की समस्या काफी हद तक कम होगी और बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने में मदद मिलेगी। हालांकि यह एक अस्थायी उपाय है, लेकिन मौजूदा भीषण गर्मी में यह काफी प्रभावी साबित हो रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

