एफआईआर दर्ज, दो नामजद
प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में एक युवक पर रम्भा और ईंट से हमला किया गया। उसे घेरकर पीटा गया जिसमें उसे गंभीर चोटें पहुंचीं और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस मामले में अधिवक्ता की ओर से धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता दिव्य प्रकाश धूमनगंज के निवासी हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि उनके पिता ने अपनी 15 बीघा जमीन के बाबत स्थगन आदेश पारित कराया है। आरोप है कि सतीश चंद्र गुप्ता निवासी पुराना कटरा थाना कर्नलगंज पर हेरफेर के मामले में धूमनगंज थाने में प्रयागराज में उनके पिता ने मुकदमा भी दर्ज कराया है। 26 अप्रैल को न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करते हुए 50 अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ सतीश सुबह से लेकर शाम 05.00 बजे तक निर्माण कार्य करता रहा।
उन्होंने इसकी सूचना 112 नंबर के साथ ही थाना धूमनगंज व एसीपी धूमनगंज को मोबाइल से दी लेकिन कोई भी सहायता नहीं प्राप्त हुई। बाद में पुलिस की ओर से बुलाने पर उन्होंने अपने कर्मचारी त्रिपत यादव को न्यायालय के स्थगन आदेश के बारे में जानकारी देने के लिए भेजा तो आरोपियों ने एक राय होकर उसको जान से मार डालने की नीयत से हमला किया। इससे उसके सिर, पेट, पीठ में गंभीर चोटें आईं और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य माध्यमों से जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

