मुक्त विश्वविद्यालय ने क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में गुजरात राज्य स्थापना दिवस (1 मई) समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 29 अप्रैल से 2 मई तक प्रस्तावित समारोह के प्रथम दिन बुधवार को विश्वविद्यालय में क्षय रोगियों को पोषण पोटली का वितरण किया गया तथा गुजरात राज्य के चहुंमुखी विकास से संबंधित डॉक्युमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि टी बी एक गंभीर बीमारी अवश्य है लेकिन यह पूर्णत: इलाज योग्य है। इसके लिए समय पर पहचान, नियमित दवा और सकारात्मक सोच की आवश्यकता है। आज चिकित्सा विज्ञान ने इतनी प्रगति कर ली है कि यदि मरीज निर्धारित अवधि तक सही तरीके से उपचार ले तो वह पूर्णत: स्वस्थ जीवन जी सकता है।
प्रोफेसर सत्यकाम ने सभी रोगियों से आग्रह किया कि वह अपने इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें।
कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि कुलाधिपति श्रीमती पटेल की प्रेरणा से विश्वविद्यालय निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। सामाजिक सरोकारों से जुड़कर विश्वविद्यालय जन जन तक अपनी पहुंच बना रहा है।
प्रारंभ में कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर मीरा पाल ने कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम का स्वागत किया । धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने किया।
बाक्स
अगले तीन दिन होंगे विविध कार्यक्रम
प्रयागराज। जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि गुजरात राज्य स्थापना दिवस के आगामी कार्यक्रमों में 30 अप्रैल को विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गांव गोहरी में स्वच्छता कार्यक्रम एवं कस्तूरबा विद्यालय का भ्रमण किया जाएगा। इसी प्रकार 1 मई को गंगा परिसर से पदयात्रा, साइकिल यात्रा एवं मंदिर भ्रमण का कार्यक्रम रखा गया है तथा 2 मई को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गुजरात के पारंपरिक लोकनृत्य तथा शिल्पमेला का आयोजन अटल प्रेक्षागृह में किया जायेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

