लखनऊ, 29 अप्रैल (आरएनएस ) । गाजियाबाद जनपद के इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिली आवासीय इमारत में बुधवार सुबह लगी भीषण आग की घटना पर योगी आदित्य नाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्राप्त जानकारी के अनुसार इंदिरापुरम क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक बहुमंजिली आवासीय परिसर में अचानक आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कई आवास इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग सहित अन्य राहत एवं बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए और संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाने का कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए गाजियाबाद के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की स्वयं निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही इमारत में रहने वाले लोगों में भय का वातावरण बन गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। राहत एवं बचाव दल ने समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य किया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो प्रशासन और राहत दलों की तत्परता का परिणाम माना जा रहा है।प्रशासन द्वारा पूरे परिसर की जांच कराई जा रही है तथा आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की टीम को लगाया गया है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी तकनीकी कारण या अन्य वजह से यह घटना हुई हो सकती है।प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। साथ ही इमारतों में अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

