लखनऊ 29 अप्रैल (आरएनएस )। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने यशोधरा छात्रावास में रहने वाली समेकित विज्ञान स्नातक-स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल को दोपहर लगभग तीन बजे छात्रा ने बुखार की शिकायत की थी। इसके उपरांत छात्रा को विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श हेतु ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा आवश्यक जांच के बाद दवाइयां दी गईं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुन: सूचित करने की सलाह दी गई। इसी दौरान छात्रा द्वारा अपने स्थानीय अभिभावक को भी सूचना दी गई थी। इसके पश्चात 20 अप्रैल को सायं पांच बजकर ग्यारह मिनट पर छात्रा ने 30 अप्रैल तक अवकाश का प्रार्थना पत्र देकर अपने स्थानीय अभिभावक के साथ छात्रावास से प्रस्थान किया।विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि छात्रा के परिजनों से लगातार संपर्क स्थापित कर उन्हें सांत्वना दी गई है तथा इस दुखद घड़ी में हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ विद्यार्थियों द्वारा छात्रावास के भोजन को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने संबंधी आरोप लगाए गए हैं, जिनका संज्ञान लिया गया है।इस संबंध में प्रशासन ने बताया कि 20 अप्रैल से अब तक यशोधरा छात्रावास की अधीक्षिका को किसी भी छात्रा द्वारा छात्रावास के भोजन के कारण स्वास्थ्य खराब होने से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन के अनुसार छात्रावास में भोजन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाता है और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के प्रयास किए जाते हैं।प्रशासन ने यह भी कहा है कि कुछ शरारती तत्व इस दुखद घटना को आधार बनाकर भ्रामक जानकारी फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुमराह कर विश्वविद्यालय परिसर में अव्यवस्था उत्पन्न की जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और किसी समस्या की स्थिति में सीधे प्रशासन को अवगत कराएं।उक्त घटना के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एक जांच समिति का गठन किया गया है, जो 28 अप्रैल की रात्रि में घटित घटनाक्रम सहित पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच करेगी। जांच के दौरान यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुन: इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

