लखनऊ, 29 अप्रैल (आरएनएस ) । उत्तर प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की गुणवत्ता एवं संयोजकता से संबंधित प्राप्त शिकायतों के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डा0 आशीष कुमार गोयल ने उच्च स्तरीय तकनीकी समिति का गठन किया है। यह समिति प्रदेश में स्थापित सभी प्रकार के स्मार्ट मीटरों का तकनीकी परीक्षण कर उनकी गुणवत्ता के संबंध में विस्तृत आख्या प्रस्तुत करेगी।कार्यालय ज्ञाप के अनुसार भारत सरकार द्वारा आरडीएसएस योजना के अंतर्गत की गई व्यवस्था तथा केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण द्वारा निर्गत अधिसूचना के क्रम में उत्तर प्रदेश में सभी उपभोक्ताओं के परिसरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में लगभग 85 लाख स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। प्रारंभिक स्तर पर यह बताया गया है कि स्मार्ट मीटर सही प्रकार से कार्य कर रहे हैं तथा तकनीकी दृष्टि से इनमें किसी प्रकार की समस्या नहीं पाई गई है। इसके लिए पूर्व से ही पांच प्रतिशत जांच मीटर लगाने की व्यवस्था भी लागू है।इसके बावजूद विभिन्न स्रोतों से स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता तथा संयोजकता से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय तकनीकी समिति का गठन किया गया है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि उपभोक्ताओं को सही एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध हों तथा किसी भी तकनीकी समस्या का समयबद्ध समाधान किया जा सके।गठित समिति में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर के प्रोफेसर अंकुश शर्मा तथा प्रोफेसर प्रबोध बाजपेयी को सदस्य नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त विद्युत अनुसंधान एवं विकास संस्था, वडोदरा के अनुभाग प्रमुख तेजस मिस्त्री को भी समिति का सदस्य बनाया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के निदेशक (वितरण) जी0डी0 द्विवेदी को समिति का संयोजक नामित किया गया है।कार्यालय ज्ञाप में यह भी निर्देशित किया गया है कि गठित समिति अपनी विस्तृत आख्या दस दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष को उपलब्ध कराएगी, ताकि प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।ज्ञाप की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा दक्षिणांचल, मध्यांचल, पूर्वांचल और पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगमों एवं केस्को, कानपुर के प्रबंध निदेशकों सहित समिति के सभी सदस्यों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

