हरदोई 29 अप्रैल (आरएनएस )। जनपद हरदोई में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। इस गरिमामयी अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री का भावपूर्ण स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर को प्रदेश के आधारभूत ढांचे और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि यह एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क परियोजना नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक कायाकल्प का मार्ग है। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज को सीधे जोड़ते हुए प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के मार्ग में 12 जनपद शामिल हैं और यह 519 गांवों की सीमाओं से होकर गुजरता है, जिससे बड़ी आबादी को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के संचालन से पश्चिम से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक की दूरी में उल्लेखनीय कमी आएगी और यात्रा समय पहले की तुलना में काफी कम हो जाएगा।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश की सरकार विकास की नई परिभाषा गढ़ रही है और यह एक्सप्रेसवे ‘सबका साथ, सबका विकासÓ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के दोनों ओर औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से लाखों युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही माल परिवहन की सुविधा सुगम होने से व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और प्रदेश में निवेश के नए अवसर उत्पन्न होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रयागराज सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इस एक्सप्रेसवे के माध्यम से सुरक्षित और तेज यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, उसमें गंगा एक्सप्रेसवे एक सशक्त आधार स्तंभ के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर संपर्क व्यवस्था निवेश को आकर्षित करती है और निवेश से उद्योगों की स्थापना होती है। उद्योगों की स्थापना से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और रोजगार बढऩे से लोगों की आय में वृद्धि होती है, जिससे व्यापक आर्थिक विस्तार का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि इस दृष्टि से गंगा एक्सप्रेसवे एक आर्थिक गुणक के रूप में कार्य करेगा, जो विकास की इस पूरी श्रृंखला को गति प्रदान करेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक बनेगा।अपने संबोधन के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनावों के संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की जनता बदलाव की ओर अग्रसर है और विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वहां के मतदाता विकास के पक्ष में अपना समर्थन दे रहे हैं।उप मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दलों की सोच महिलाओं के प्रति सकारात्मक नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे दल महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नीति निर्धारण में उनकी भूमिका को सीमित करना चाहते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिलाओं को सम्मान और निर्णय प्रक्रिया में उचित स्थान दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, केंद्रीय राज्य मंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की गई, जिससे उपस्थित लोगों को भविष्य की विकास योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

