लखनऊ 29 अप्रैल (आरएनएस )। थाना मोहनलालगंज क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ ले जाने, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने तथा गर्भवती होने पर गर्भपात कराने के आरोप में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और अभियुक्त को दबिश देकर पकड़ लिया।पुलिस के अनुसार दिनांक 27 अप्रैल 2026 को थाना मोहनलालगंज पर लगभग 19 वर्षीय पीडि़ता द्वारा सूचना दी गई कि दिनांक 16 अगस्त 2025 को अभिषेक गौतम नामक युवक, निवासी ग्राम डेहवा थाना मोहनलालगंज, उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ उत्तराखंड ले गया था। आरोप है कि अभियुक्त ने पीडि़ता को विवाह का भरोसा दिलाते हुए एक किराये के कमरे में लगभग तीन माह तक अपने साथ रखा। इस दौरान उसने पीडि़ता के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई।पीडि़ता के अनुसार गर्भवती होने के बाद अभियुक्त ने उसका गर्भपात करा दिया और बाद में उसे उसके घर छोड़ दिया। पीडि़ता की तहरीर के आधार पर थाना मोहनलालगंज में मुकदमा संख्या 158/26 धारा 69/89 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल विवेचना प्रारंभ की और पीडि़ता के बयान सहित अन्य साक्ष्यों का संकलन किया। जांच के दौरान अभियुक्त के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी गई और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त की तलाश जारी रखी गई। इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 को प्रात: लगभग 7 बजकर 5 मिनट पर ज्योतिनगर तिराहा, थाना मोहनलालगंज क्षेत्र से अभियुक्त अभिषेक गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक गौतम पुत्र सुरेश कुमार गौतम, निवासी ग्राम डेहवा थाना मोहनलालगंज, जनपद लखनऊ, उम्र लगभग 20 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि महिलाओं से संबंधित अपराधों के मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि पीडि़तों को शीघ्र न्याय मिल सके और समाज में ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

