लखनऊ 29 अप्रैल (आरएनएस )। थाना आशियाना पुलिस ने महिला के गले से चेन खींचकर भागने तथा युवती का मोबाइल छीनने की घटनाओं में शामिल एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से छीनी गई चेन का एक टुकड़ा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार दिनांक 03 मार्च 2026 को वादी सर्वोत्तम सिंह, निवासी इंद्रलोक कॉलोनी थाना कृष्णानगर, लखनऊ द्वारा थाना आशियाना में लिखित सूचना दी गई थी कि एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक उनकी माता के गले से चेन खींचकर फरार हो गया। इस सूचना के आधार पर थाना आशियाना में मुकदमा संख्या 59/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।इसके अतिरिक्त दिनांक 02 अप्रैल 2026 को वादिनी प्रतिष्ठा शुक्ला, निवासी रजनीखंड शारदानगर, लखनऊ द्वारा सूचना दी गई कि दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनका मोबाइल छीन लिया। इस संबंध में थाना आशियाना पर मुकदमा संख्या 89/2026 धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। दोनों घटनाओं की विवेचना उपनिरीक्षक अग्रचारी यादव द्वारा की जा रही थी।
घटनाओं के अनावरण के लिए थाना आशियाना पुलिस टीम द्वारा आसपास के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें अभियुक्तों को चेन और मोबाइल छीनते हुए देखा गया। सुरागरसी व मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 28 अप्रैल 2026 को देवीखेड़ा से ईको गार्डन जाने वाली रोड पर करीब 9:40 बजे आदित्य रावत पुत्र राधेश्याम रावत, निवासी किला मोहम्मदी नगर थाना आशियाना, लखनऊ, उम्र लगभग 23 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से मुकदमा संख्या 59/2026 से संबंधित छीनी गई चेन का लगभग 1.320 ग्राम वजन का पीली धातु का टुकड़ा बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथी अर्जुन रावत के साथ मिलकर मोबाइल छीना था, जो छीने जाने के दौरान सड़क पर गिरकर टूट गया था, इसलिए उसे वहीं फेंककर दोनों फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार सह अभियुक्त अर्जुन रावत को थाना पीजीआई पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 59/2026 में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने खर्च पूरे करने के लिए रात के समय मोबाइल और चेन छिनैती की घटनाएं करता था।पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं का सफल अनावरण कर लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

