लखनऊ 29 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि महिला आरक्षण बिल 2023 पास होकर कानून बन चुका है और सरकार चाहे तो इसे अगले चुनाव में लागू कर सकती है, लेकिन भाजपा सरकार महिला आरक्षण लागू नहीं करना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष के खिलाफ झूठा दुष्प्रचार कर रही है और महिलाओं के मुद्दों पर गंभीर नहीं है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है और महिलाओं-बेटियों के साथ लगातार दुखद घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं, लेकिन वहां पुलिस और दबंग लोग सच्चाई को सामने नहीं आने देना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडि़त परिवार की इच्छा के बावजूद मेडिकल प्रक्रिया पूरी नहीं की गई और जल्दबाजी में पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करा दिया गया।अखिलेश यादव ने कहा कि हाथरस, मेरठ और फतेहपुर जैसी घटनाओं में भी पीडि़त परिवारों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए विपक्षी प्रतिनिधिमंडलों को प्रभावित क्षेत्रों में जाने से रोक रही है। उनका कहना था कि वर्तमान सरकार में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रही हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और नीतियों से जनता परेशान हो चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में जनता समाजवादी पार्टी को भारी बहुमत से जिताएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादियों के पक्ष में माहौल बन रहा है।प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर बनाने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि इसके लिए मजदूरों को सम्मान और उनके अधिकार सुनिश्चित करने होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने कोविड काल के बहाने मजदूरों के अधिकारों को कमजोर किया और उन्हें पड़ोसी राज्यों के बराबर वेतन नहीं दिया जा रहा है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है।
गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेस-वे निर्माण की शुरुआत समाजवादी सरकार ने की थी और ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे की अवधारणा को सबसे पहले समाजवादियों ने लागू किया। उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि रहा है और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की डिजाइन भी समाजवादी सरकार के दौरान तैयार की गई थी।पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐतिहासिक मतों से चुनाव जीतेंगी और वहां की जनता बड़े पैमाने पर उनके पक्ष में मतदान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता के गुस्से और आगामी चुनावों के दबाव के कारण भाजपा को अपने फैसले वापस लेने पड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक प्रचार के लिए बड़ी कंपनियों की सेवाएं ले रही है और सोशल मीडिया पर अभियान चलाए जा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

