*बंगाल में पूर्ण बहुमत की सरकार होने का किया दावा
मीरजापुर। अपने काशी दौरे के बाद बुधवार को विंध्याचल देवी धाम पहुंचे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की भारी जीत के साथ ही पूर्ण बहुमत की सरकार भी बनने का दावा किया है। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र के साथ मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन करने के लिए पहुंचे बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधिपूर्वक मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन पूजन किया। इस दौरान बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा बंगाल में पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी। कहा दूसरे चरण के चुनाव में जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा ले। मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनकी पहली तीर्थ यात्रा थी। उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी के चरणों में राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, विकास, सनातन धर्म की रक्षा और भाजपा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा “मां विंध्यवासिनी के दर्शन से ऊर्जा मिलती है। पश्चिम बंगाल में आज दूसरे चरण का मतदान है। जनता से अपील है, लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। भाजपा बंगाल में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।” दर्शन पूजन के पश्चात बीजेपी नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने होटल रत्नाकर में मां विंध्यवासिनी देवी की चुनरी व रक्षा सूत्र भेंट कर स्वागत उनका किया। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संवाद में कहा, “मां विंध्यवासिनी के आशीर्वाद से सनातन संस्कृति की रक्षा और संगठन को अजेय बनाएंगे।” इस दौरान मझवां विधायक सुचिश्मिता मौर्य, मडि़हान विधायक रमाशंकर पटेल, जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज समेत कई पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

