सर्राफा दुकान लूटकांड का खुलासा, पुलिस ने बरामद किए हथियार और कारतूस
गोरखपुर 29 अप्रैल (आरएनएस)। गोला थाना क्षेत्र के डांडी चीनी मिल मार्ग पर बुधवार भोर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक बदमाश हाल ही में गोला कस्बे की एक सर्राफा दुकान में हुई लूट की घटना में शामिल थे।जानकारी के अनुसार, पुलिस डाड़ी बाजार से चीनी मिल मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके पर ही दबोच लिया।पुलिस ने मौके से एक कट्टा, दो खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेहंदी हसन और रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके अलावा तीन अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है।बताया जा रहा है कि सोमवार को गोला कस्बे के वार्ड नंबर-17 स्थित दिव्यांश स्वर्ण कला केंद्र में लूट की वारदात हुई थी। दुकान मालिक रमेश वर्मा किसी पारिवारिक कार्यक्रम के निमंत्रण कार्ड बांटने गए थे। दुकान पर उनकी बेटी अमृता मौजूद थीं। इसी दौरान बदमाश दुकान में घुसे और झुमकों से भरा पैकेट लेकर फरार हो गए।लूट की घटना देख अमृता ने बदमाशों का साहस के साथ पीछा किया और उनसे भिड़ गईं, लेकिन बदमाश हाथ छुड़ाकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।मुठभेड़ के बाद अमृता ने पुलिस को धन्यवाद देते हुए कहा कि, “ये जेवर मेरी मेहनत की कमाई के थे, इसलिए मैं बदमाशों से भिड़ गई।”पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। बुधवार भोर चेकिंग के दौरान आरोपियों को पकडऩे में सफलता मिली। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

