आजमगढ़ 29 अप्रैल (आर एन एस)जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की। थाना रौनापार और थाना दीदारगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दुष्कर्म के आरोपी तथा फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।पहली घटना थाना रौनापार क्षेत्र की है, जहां नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल 2026 को प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप था कि अभियुक्त ने रात में घर में घुसकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर धक्का-मुक्की कर फरार हो गया।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 29 अप्रैल की सुबह चाँदपट्टी हरिजन बस्ती तिराहे के पास से आरोपी सदानन्द साहनी (उम्र लगभग 20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।वहीं दूसरी कार्रवाई थाना दीदारगंज क्षेत्र में की गई, जहां फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग जन्मतिथि दर्शाकर दो पासपोर्ट बनवाए थे। एक पासपोर्ट में जन्मतिथि 20 दिसंबर 1988 और दूसरे में 11 दिसंबर 1997 दर्ज कराई गई थी।पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हुब्बीगंज चौराहे से आरोपी विनय कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से दोनों पासपोर्ट बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अनुचित लाभ के लिए यह फर्जीवाड़ा किया था।पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

