सोहावल-अयोध्या 1 मई (आरएनएस )।तहसील क्षेत्र के बरौली में स्थित भारत गैस एजेंसी पर शुक्रवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। गैस सिलेंडर लेने के लिए सैकड़ों उपभोक्ता सुबह से ही एजेंसी के बाहर लंबी कतार में खड़े रहे। घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल सका और आखिर में सिलेंडर खत्म की बात बताकर उन्हें वापस लौटा दिया गया।उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि सुबह से ही लाइन में लगे थे। लेकिन वितरण शुरू होने के कुछ ही देर बाद एजेंसी ने स्टाक खत्म होने की जानकारी दे दी। इससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।गौरतलब है कि हाल ही में जिलाधिकारी अयोध्या ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से की जायेगी। गोदाम से सीधे वितरण पर रोक रहेगी। इसके बावजूद सोहावल क्षेत्र की ग्राम पंचायत अर्थर के मजरे बरौली में स्थित भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के भीड़ की लाइन इन निर्देशों की अनदेखी की ओर इशारा कर रही हैं।
हालांकि क्षेत्र की इंडियन और एचपी दोनों गैस एजेंसियों पर प्रशासनिक आदेशों का पालन अपेक्षाकृत बेहतर देखा जा रहा है।इस सम्बन्ध में एजेंसी संचालक चन्द्र प्रकाश ने बताया कि एजेंसी पर लगभग 12 हजार उपभोक्ता दर्ज हैं। जिनमें वर्तमान में करीब 2 हजार 5 सौ गैस सिलेंडरों की पेंडेंसी चल रही है। उपभोक्ता स्वयं गोदाम पर पहुंचकर लाइन लगा लेते हैं। जिससे व्यवस्था प्रभावित होती है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एजेंसी की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए तथा गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।जिससे उपभोक्ताओं को इस कड़ी धूप में अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

