-अवध विवि में गुजरात स्थापना दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
अयोध्या 1 मई (आरएनएस )। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में गुजरात स्थापना दिवस पर कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि आज गुजरात स्थापना दिवस है। 1 मई 1960 को भारत के मानचित्र पर एक नए राज्य के रूप में उभरा हमारा गुजरात, आज अपनी विकास यात्रा के 66वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। हमारी पहचान गुजरात केवल एक भौगोलिक भूभाग नहीं है, बल्कि यह संस्कारों, साहस और संवेदनाओं की एक जीवंत परंपरा है। हमारी सांस्कृतिक विरासत इतनी समृद्ध है कि इसने विश्व पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। यह सोमनाथ और द्वारिका की पवित्र भूमि है। कुंभ पर्व का जूनागढ़ गिरनार पर्वत से हम सभी का प्राचीन सांस्कृतिक नाता रहा है। नरसी मेहता के पदों से लेकर मीरा के भजनों तक, गुजरात की पावन माटी ने भक्ति और समभाव का संदेश दिया है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने इसी भूमि से पूरे विश्व को सत्य और अखंडता का पाठ पढ़ाया। कुलपति ने कहा कि छात्र-छात्राओं की भावपूर्ण प्रस्तुति ने गुजरात संस्कृति को सभागार में लाकर खड़ा कर दिया। इस सांस्कृतिक लोकमंचन से राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक विविधता का परिचय विश्वविद्यालय परिवार ने संजोया है। छात्र छात्राओं द्वारा कविता पाठ, गुजराती गीत, सोलो सॉन्ग, ग्रुप डांस, फैशन शो, डांडिया के साथ प्रौढ़ एवं सतत् प्रसार शिक्षा विभाग के तहत संचालित फैशन डिजाइनिंग एवं टेक्नोलॉजी के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के नेतृत्व में गुजरात राज्य की सांस्कृतिक विरासत को मंचन के माध्यम से जन समूह के समक्ष प्रस्तुत किया। सुई धागों की कहानी के तहत गुजरात के पारंपरिक परिधान स्वयं जहां हर टांको की खुद कहानी बयां कर रहे थे। वहीं पारंपारिक पेंटिंग्स और रंगों की अभिव्यक्ति ने भी गुजरात की विरासत को जीवंत कर दिया। टाई डाई कला के हर रंग की भावना को प्रस्तुत कर छात्राओं ने अपने हुनर की प्रस्तुति दी। उपस्थित जनसमूह में छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम को खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की छात्रा सृजनिका मिश्रा ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक के संयोजन में किया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर में स्थापित डॉ. राममनोहर लोहिया, सरदार वल्लभभाई पटेल, महात्मा गांधी एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सभागार में मां सरस्वती की प्रतिमा पर कुलपति, विज्ञान संकायाध्यक्ष, कलासंकायाध्यक्ष अधिष्ठाता छात्र कल्याण, कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी ने माल्यार्पण कर किया। इसी अवसर पर कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह का स्वागत अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक ने किया पुष्प गुच्छ प्रदान कर किया। इस अवसर पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, प्रो. एस एस मिश्र, कला संकायाध्यक्ष प्रो. मृदुला मिश्रा, प्रो. आशुतोष सिन्हा प्रो. सी के मिश्र, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. फर्रुख जमाल प्रो. अनूप कुमार प्रो शैलेंद्र कुमार, प्रो. के के वर्मा, प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल, प्रो संग्राम सिंह, डॉ राणा रोहित सिंह, डॉ. मनीष सिंह, प्रो. एस के रायजादा, डॉ. पी के द्विवेदी, डॉ. अवध नारायण, डॉ. अनिल कुमार यादव, डॉ अनुराग सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक अधिकारी कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

