*मड़वा धनावल गांव में बुधवार की रात विवाद के दौरान आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भाग निकले थे मनबढ़ युवक
*आर्केस्ट्रा प्रबंधक की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लाइसेंसी पिस्टल की खोजबीन में जुटी थी पुलिस
ड्रमंडगंज, मीरजापुर 1 मई (आरएनएस)। क्षेत्र के मड़वा धनावल गांव में बीते बुधवार की रात बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद में आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीनकर भागने वाले मनबढ़ युवक को पुलिस ने शुक्रवार सुबह पिस्टल और कारतूस के साथ मड़वा धनावल गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं पकड़े गए युवक के दो अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से भागने में कामयाब हो गए। मड़वा धनावल गांव में लालगंज थाना क्षेत्र के सेमरी कलां गांव से बरात आई थी बरात में आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर विवाद हो गया था। आर्केस्ट्रा देखने पहुंचे ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आर्केस्ट्रा शुरू करने को लेकर हुए विवाद के दौरान मनबढ़ युवकों ने आर्केस्ट्रा प्रबंधक की लाइसेंसी पिस्टल छीन लिया था। और लाइसेंसी पिस्टल लेकर भाग निकले थे।इस मामले में गुरुवार को आर्केस्ट्रा प्रबंधक सौरभ जायसवाल निवासी बल्ली का अड्डा थाना कोतवाली कटरा ने अज्ञात के विरुद्ध लाइसेंसी पिस्टल और 6 कारतूस चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष भारत सुमन एसआई मूलचंद्र वर्मा हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव कांस्टेबल कुलदीप कुशवाहा ने मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के पास से इंद्रवार गांव निवासी किरन उर्फ अर्जुन को धर दबोचा जबकि मामले में लिप्त दो अन्य युवक रोहित पुत्र हीरा निवासी अमदह थाना ड्रमंडगंज व अमित पुत्र अरूण निवासी पवांरी कलां थाना ड्रमंडगंज पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक किरन उर्फ अर्जुन के पास से लाइसेंसी पिस्टल पांच कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। गिरफ्तार युवक के दो अन्य साथी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले। तीनों लोग लाइसेंसी पिस्टल को लेकर कहीं भागने की फिराक में मड़वा धनावल गांव स्थित तालाब के पास आपस में बातचीत कर रहे थे। भागने वाले दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

