देहरादून,02 मई (आरएनएस)। सामाजिक संगठनों और कांग्रेस नेताओं ने उत्तराखंड पुलिस के वर्ष 2001 एवं 2002 में भर्ती पुलिस कांस्टेबलों को ?4600 ग्रेड पे प्रदान किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को पत्र प्रेषित किया है। शनिवार को कांग्रेस प्रवक्ता संदीप चमोली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को प्रेषित ज्ञापन एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को सौंपा। संदीप चमोली ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस में वर्ष 2001 एवं 2002 में भर्ती हुए पुलिस कांस्टेबलों द्वारा सेवाओं के 20 वर्ष पूर्ण किए जाने के बाद भी उन्हें ?4600 ग्रेड पे का लाभ प्रदान नहीं किया गया है। उक्त कर्मचारी वर्ष 2021 में ही अपनी 20 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण कर चुके हैं। कहा कि पुलिस कांस्टेबल ही समाज में पुलिस विभाग का प्रथम प्रतिनिधि होता है, जिसकी कार्यशैली से ही पुलिस की छवि का निर्माण होता है। लंबे समय से ग्रेड पे का लाभ न मिलने के कारण पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों में निराशा है।कहा कि इस संबंध में उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा भी संबंधित प्रकरण में विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया था। 6 माह की समयावधि निर्धारित की गई थी, जो वर्तमान में समाप्त हो चुकी है। कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2021 के पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर ?4600 ग्रेड पे प्रदान किए जाने की घोषणा भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसका क्रियान्वयन नहीं हो पाया है।कहा कि लगभग 25 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बावजूद वर्ष 2001 एवं 2002 के लगभग 700 से अधिक पुलिस कांस्टेबलों को किसी प्रकार की विभागीय पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पाया है। कहा कि पुलिसकर्मी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के लिए बाध्य हो रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

