महासमुंद, 04 मई (आरएनएस) महासमुंद जिले के पिथौरा वन परिक्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने एक मादा नीलगाय को कुल्हाड़ी से मार डाला और उसके मांस को पकाने की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार आरोपी फरार हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, सुखीपाली गांव के शांतिनगर निवासी ईश्वर कुमार और टंकधर रात्रे सोमवार सुबह तेंदूपत्ता तोडऩे भालुडोंगरी क्षेत्र गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक मादा नीलगाय को देखा, जिसे कुत्तों ने दौड़ाकर थका दिया था। मौके का फायदा उठाते हुए दोनों ने कुल्हाड़ी से हमला कर नीलगाय को मौत के घाट उतार दिया।इसके बाद आरोपी मृत नीलगाय को पास के खेत में ले गए और मांस पकाने की तैयारी करने लगे। इस दौरान अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और उनकी मदद करने लगे। इसी बीच किसी ने वन विभाग को सूचना दे दी।सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी सुखराम निराला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए जोहित झरेखा को पकड़ लिया। पूछताछ के आधार पर एक और आरोपी सुरेंद्र झरेखा को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुख्य आरोपी ईश्वर कुमार, टंकधर रात्रे, सचिन प्रधान और विद्याधर प्रधान मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मृत नीलगाय की उम्र करीब 4 वर्ष थी। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

