– तीन सदस्यीय जांच टीम गठित
सीतापुर 5 मई (आरएनएस)। सकरन थाना क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के कथित गलत इलाज से एक महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएचसी अधीक्षक ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के झउवाकलां मजरा छप्परतला गांव निवासी विनोद गौतम की पत्नी फूलमती (35) को रविवार सुबह करीब 10 बजे तेज बुखार आया था। पत्नी की हालत बिगडऩे पर विनोद गौतम दवा लेने के लिए सलोली गांव स्थित एक निजी क्लिनिक पर पहुंचे, जहां कथित तौर पर झोलाछाप डॉक्टर रितेश मौर्य द्वारा फूलमती को इंजेक्शन लगाया गया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद फूलमती की हालत अचानक बिगड़ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक पर हंगामा किया, हालांकि ग्रामीणों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिए। मामले के तूल पकडऩे के बाद मंगलवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार मित्रा ने जांच के आदेश देते हुए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में डॉ. संजय, डॉ. सुनील और फार्मासिस्ट सतीश को शामिल किया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार मित्रा ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

