सीतापुर 5 मई (आरएनएस)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में माय भारत द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा में 1 से 3 मई तक आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश राज्य विकसित भारत युवा संसददृ2026 में सीतापुर के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया। प्रदेश के 75 जिलों से चयनित 375 युवा सांसदों के बीच जनपद सीतापुर से अमन कुमार त्रिपाठी, सक्षम श्रीवास्तव, फारोजा अकमर, इला मिश्रा और भूमिका सिंह ने प्रतिभाग किया। इन सभी युवाओं का चयन 28 दिसंबर को आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में आपातकाल के 50 वषर्: लोकतंत्र के लिए एक अध्याय विषय पर उत्कृष्ट अभिव्यक्ति के आधार पर हुआ था। विधानसभा में आयोजित मुख्य सत्र में इन युवाओं ने केंद्रीय बजट-2026: विकसित भारत 2047 के लिए भारतीय युवाओं का सशक्त मार्ग विषय पर प्रभावशाली भाषण दिए। अमन कुमार त्रिपाठी ने नैमिषारण्य और महान अर्थशास्त्री राजा टोडरमल की धरती सीतापुर का उल्लेख करते हुए ओजस्वी शुरुआत की और युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। सक्षम श्रीवास्तव ने कौशल विकास की जरूरत बताई, फारोजा अकमर ने बजट को युवाओं के लिए दिशा निर्धारक बताया, इला मिश्रा ने विकास में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया, जबकि भूमिका सिंह ने युवाओं के हित में और ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सतीश महाना, बृजेश पाठक तथा गिरीश चंद्र यादव ने युवाओं को संबोधित किया। वहीं समापन अवसर पर डॉ. दिनेश शर्मा ने लोकतंत्र और विधायी प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। इस कार्यक्रम का मंच संचालन सीतापुर के सिधौली निवासी मृणाली दीक्षित ने लगातार दूसरी बार किया, जो पूर्व में विकसित भारत युवा संसद 2024 की राष्ट्रीय विजेता रह चुकी हैं। गौरतलब है कि अमन कुमार त्रिपाठी, इला मिश्रा और भूमिका सिंह का चयन पिछले वर्ष भी युवा संसद के लिए हुआ था, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता को दर्शाता है। इस उपलब्धि पर जिला युवा अधिकारी सुश्री प्रतिमा वर्मा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशिकला मिश्रा सहित जनपदवासियों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। सीतापुर के इन युवाओं की प्रतिभा और विचारों का सीधा प्रसारण भी लोगों ने यूट्यूब के माध्यम से देखा और सराहा, जिससे जिले में उत्साह और गर्व का माहौल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

