रुद्रप्रयाग,05 मई (आरएनएस)। जिला मुख्यालय में लगातार हो रही बारिश के बीच जवाड़ी बाईपास के नए भूस्खलन जोन में खतरा बढ़ गया है। तेज बारिश और हवाओं के कारण संवेदनशील पहाड़ी से पत्थर, मलबा लगातार गिर रहा है। ऐसे में मार्ग से गुजर रहे वाहनों के लिए जोखिम बना हुआ है। बीते वर्ष बरसात के दौरान इसी पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण यह मार्ग दो दिन तक बंद रहा था। इस बार भी यात्रा सीजन और बारिश के दौरान पहाड़ी से लगातार मलबा, पत्थर गिर रहा है। वहीं इस भूस्खलन क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था न होने से रात के समय गुजरने वाले यात्रियों के लिए स्थिति और अधिक जोखिम भरी हो रही है। वहीं एनएच के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे ने बताया कि पहाड़ी के ट्रीटमेंट के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल जेसीबी से गिर रहे मलबे को लगातार हटाया जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

