प्रयागराज 6 मई (आरएनएस)। मेजा थाना क्षेत्र के मदरा मुकुंदपुर गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना गांव में चल रहे मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेजा थाना क्षेत्र के मदरा मुकुंदपुर गांव में नव-निर्मित मंदिर में सोमवार को देवी की प्राण प्रतिष्ठा के साथ अखंड रामायण पाठ का आयोजन शुरू हुआ था। इस धार्मिक आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल था। मंगलवार को अखंड रामायण पाठ का पारायण होना था, जिसके लिए विशेष तैयारियां की गई थीं।
मंगलवार देर रात रुद्र शंकर उपाध्याय (40) पुत्र नर्मदा प्रसाद उपाध्याय, स्नान करने के बाद पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वह मंदिर निर्माण समिति के सदस्य थे?। बताया जा रहा है कि वह जल अर्पित करने के लिए मंदिर की सीढिय़ां चढ़ रहे थे। इसी दौरान सीढिय़ों पर बिछे एक बिजली के तार में करंट दौड़ रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। श्रद्धालुओं और परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

