—- जनपद के सभी नागरिक स्वयं स्व-गणना करें, दूसरों को भी करें प्रेरित:-डीएम।
कुशीनगर, 06 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देते हुए जनपद में 07 से 21 मई तक स्व-गणना अभियान संचालित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से व्यापक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना से पूर्व दिनांक 06 मई तक जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अंतर्गत सेल्फी प्वाइंट, बैनर, पोस्टर, जनजागरूकता कार्यक्रम आदि आयोजित किए जाएंगे तथा उनकी प्रतिदिन की फोटो जिला पंचायत राज अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राम एवं ब्लॉक स्तर पर गतिविधियो में ग्राम प्रधान, शिक्षक, विद्यालय प्रधानाचार्य, आईटीआई/पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह, पंचायत सचिव, लेखपाल, सीएससी/जन सेवा केंद्र संचालक, एनसीसी/एनएसएस/युवा स्वयंसेवक आदि को स्व-गणना अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम प्रधान इस अभियान के प्रथम दिन स्वयं स्व-गणना कर उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तथा ग्रामीणों को प्रेरित करेंगे। विद्यालयों में सभाओं, पेंटिंग/रंगोली प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्व-गणना का संदेश दिया जाएगा। महिला एवं सामुदायिक सहभागिता में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वयं सहायता समूह की बैठकों में महिलाओं को स्व-गणना पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार परिवारों की सहायता की जाएगी। डिजिटल सहायता एवं विशेष अभियान में सीएससी एवं जन सेवा केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को स्व-गणना में सहायता प्रदान की जाएगी। शहरी झुग्गी-झोपडिय़ों एवं दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में कम डिजिटल साक्षरता वाले परिवारों को विशेष सहयोग दिया जाएगा। व्यापारिक एवं औद्योगिक सहयोग मे कोटेदार, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप, व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं उद्योग इकाइयों को 06 मई तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा 07 से 21 मई के मध्य अपने यहां आने वाले नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रेरित एवं सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय एवं विभागीय दायित्व में नगर निकाय, बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, होमगार्ड एवं अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में अधिकतम स्व-गणना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। तहसील एवं विकास खंड स्तर पर निगरानी में तहसीलदार/नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को स्व-गणना हेतु प्रेरित करेंगे। विकास खंड स्तर पर 02 से 06 मई के बीच सभी ग्राम पंचायतों में खुली बैठकों का आयोजन कर जागरूकता बढ़ाई जाएगी, एवं 07 मई से 21 मई के मध्य सभी प्रधान,बीडीसी,जिला पंचायत सदस्य, से स्व गणना कराएंगे,तथा अपने क्षेत्र में आम जन से स्व गणना कराएंगे। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अभियान को जन आंदोलन का रूप देते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने आम जनमानस से अपील की है कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिससे जनगणना 2027 की प्रक्रिया को सफल बनाया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

