लखनऊ 6 मई (आरएनएस )। राजधानी में 7 मई 2026 को इकाना स्टेडियम में आयोजित होने वाले आईपीएल मैच को लेकर पुलिस-प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोपहर 3 बजे से मैच समाप्ति तक प्रभावी रहेगी, ताकि दर्शकों की सुविधा और यातायात संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके।डायवर्जन योजना के तहत शहीद पथ पर मैच के दौरान रोडवेज बसों, प्राइवेट बसों और सभी प्रकार के व्यवसायिक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि निजी वाहन और किराये की टैक्सी/कारों को अनुमति दी गई है। सुल्तानपुर रोड से आने वाले भारी वाहन अमूल तिराहा से डायवर्ट होंगे, जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन कटाई पुल से मोड़े जाएंगे। रोडवेज द्वारा जारी डायवर्जन प्लान का पालन निजी बस संचालकों को भी सख्ती से करना होगा।मैच के दौरान सिटी बसों का संचालन जारी रहेगा, लेकिन ये बसें शहीद पथ पर हुसडिय़ा और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं नहीं रुकेंगी और सड़क की दाईं लेन में चलेंगी। वहीं, ई-रिक्शा और ऑटो को शहीद पथ और उसकी सर्विस रोड पर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अर्जुनगंज की तरफ से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पीएचक्यू और यूपी-112 मुख्यालय के पीछे की सड़क पर सवारी उतारेंगे, जबकि सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहन लूलू मॉल की ओर सवारी उतारेंगे। किसी भी स्थिति में अहिमामऊ के 500 मीटर के दायरे में सवारी चढ़ाने-उतारने की अनुमति नहीं होगी।ओला, ऊबर और अन्य किराये के वाहनों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ये वाहन सिटी बसों की तरह ही हुसडिय़ा से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर सवारी नहीं बैठाएंगे और न ही उतारेंगे। एयरपोर्ट की ओर से आने वाले वाहन अहिमामऊ से पहले सवारी उतारेंगे, जबकि अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन निर्धारित रूट से होकर पीएचक्यू के पीछे ड्रॉप करेंगे।निजी वाहनों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। जिनके पास पास होगा, वे अहिमामऊ से एचसीएल की ओर जाकर वाटर टैंक तिराहे से प्लासियो मॉल होते हुए चिन्हित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। बिना पास वाले वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे और पहले आने वालों को प्लासियो मॉल में पार्किंग मिलेगी, उसके बाद अन्य वाहनों को वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्क किया जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए प्लासियो मॉल के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।वीआईपी और वीवीआईपी के साथ आने वाले स्कॉर्ट वाहन स्टेडियम के पास पार्क नहीं किए जाएंगे, बल्कि उन्हें मॉल या पीएचक्यू के पीछे निर्धारित स्थानों पर पार्क करना होगा। स्टेडियम के आसपास अवैध पार्किंग करने पर वाहनों को टो किया जाएगा और क्लैम्पिंग की कार्रवाई भी की जाएगी।दर्शकों के लिए टिकट पर क्यूआर कोड की सुविधा दी गई है, जिसे स्कैन करने पर पार्किंग स्थलों का पूरा मैप उपलब्ध होगा। स्टेडियम में प्रवेश मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले दिया जाएगा और दूसरी पारी के मध्य तक ही प्रवेश संभव होगा। एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश नहीं मिलेगा। बिना टिकट या ड्यूटी कार्ड के प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।सुरक्षा के दृष्टिगत सिक्के, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ जैसे सामान स्टेडियम में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्टेडियम के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे मैच देखने के लिए अनावश्यक रूप से न निकलें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि शाम 6 से 8 बजे के पीक आवर से बचते हुए समय से पहले या बाद में स्टेडियम पहुंचने का प्रयास करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

