लखनऊ 6 मई (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका “दस नम्बरी मॉडल” लोकतंत्र को जकडऩे का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट की लूट कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है और इसके लिए एक “डेमोक्रेटिक क्राइम गैंग” सक्रिय है, जिसमें कुछ अधिकारी, धन्ना सेठ और ठेकेदार शामिल हैं।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान जो हालात बने, उसी तरह की परिस्थितियां वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पोलिंग बूथों से एजेंटों को बाहर कर दिया गया और मतदाताओं को डराकर वोट देने से रोका गया।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा “मतगणना नहीं, मनगणना” कराती है और पहले से तय कर लिया जाता है कि किसे जिताना है। उन्होंने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट पश्चिम बंगाल में मतगणना के दौरान हुई कथित गड़बडिय़ों का संज्ञान ले और मतगणना प्रक्रिया के सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अदालत की कार्यवाही लाइव हो सकती है, तो मतगणना प्रक्रिया भी लाइव क्यों नहीं हो सकती।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मल्टीलेयर भ्रष्टाचार के जरिए वोटों की डकैती कर रही है। वर्ष 2022 के चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हजारों मतदाताओं के वोट काटे गए थे, जिसकी शिकायत चुनाव आयोग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छिबरामऊ, तिर्वा और शाहगंज विधानसभा क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि जितने वोटों से समाजवादी पार्टी हारी, उससे अधिक वोट पहले ही काट दिए गए थे।उपचुनावों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि रामपुर, कुन्दरकी, मिल्कीपुर और कटेहरी सीटों पर भाजपा की वोट चोरी के उदाहरण सामने आए हैं। मिल्कीपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या लोकसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा ने वहां अन्यायपूर्ण कार्रवाई की और निर्दोष लोगों को परेशान किया।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कुछ “अनरजिस्टर्ड सहयोगी” भी बूथ स्तर पर सक्रिय रहते हैं और खुफियागीरी करते हैं, जिनके तार विदेशों तक जुड़े होने का आरोप भी उन्होंने लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर काम कराती है, लेकिन पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज अब जागरूक हो रहा है और एकजुट होकर मुकाबला करेगा।उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में इंडिया गठबंधन ने भाजपा को हराया और 2027 के चुनाव में भी पीडीए एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा। समाजवादी पार्टी संगठन के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर संघर्ष करेगी।एक प्रश्न के उत्तर में अखिलेश यादव ने भाजपा को “ड्राई क्लीन की दुकान” बताते हुए आरोप लगाया कि वह अपने फायदे के लिए संस्थाओं का दुरुपयोग करती है और सीबीआई व प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा वोट और आरक्षण दोनों की “लूट” कर रही है और महिलाओं के आरक्षण को लेकर भी भ्रम फैलाया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

