उत्तरकाशी,07 मई (आरएनएस)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इस समय गेहूं की फसल पूरी तरह पक कर तैयार खड़ी है लेकिन खराब मौसम के चलते किसान फसल की कटाई नहीं कर पा रहे हैं। बारिश के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की बालियां झडऩे लगी है। इससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका सताने लगी है। किसानों ने बताया कि इस वर्ष मौसम ने शुरू से ही उनका साथ नहीं दिया। शीतकाल में सामान्य से बहुत कम बारिश होने के कारण मटर की फसल पहले ही खराब हो गई थी। इसके बाद सेब, आड़ू और पुलम जैसे बागवानी फसलों में फ्लोरिंग के समय हुई बारिश और ओलावृष्टि से भी भारी नुकसान हुआ। कहा कि अब गेहूं की फसल तैयार होने के बावजूद लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि के कारण कटाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। वहीं, खेतों में अधिक नमी और तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल गिरने लगी है। इससे उत्पादन पर सीधा असर पडऩे की संभावना हैं। किसानों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने तथा किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

