कोटद्वार,07 मई (आरएनएस)। गढ़वाल के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले कोटद्वार शहर के चारों ओर की सड़कों का लगातार हो रही बारिश से बुरा हाल हो गया है। हर सड़क पर जलभराव से चलना दूभर हो गया है। साथ ही निर्माणाधीन सड़कें कीचड़ से लबालब हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा पर कौडिय़ा-दिल्ली फार्म मार्ग की हालत बदहाल हो चुकी है। यहां पर सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत न होने से कीचड़ और जलभराव से क्षेत्रवासी परेशान हैं। कौडिय़ा-दिल्ली फार्म मार्ग से दोनों राज्यों के लोग आवाजाही करते हैं। यह मार्ग पिछले कई महीनों से बदहाल है। मार्ग पर बार-बार खोदाई की जा रही है। जितेंद्र सिंह नेगी, अरविंद रावत, गौरव सैनी, शुभम, शेर सिंह, मदन सिंह, नरेंद्र सिंह, अशोक भारद्वाज व जर्नाधन प्रसाद बताते हैं कि सीवर लाइन का काम निपटने के बाद उसे समतल तक नहीं किया जा सका है। इसका खामियाजा खोह नदी के आसपास के गांवों के अलावा कौडिय़ा, दिल्ली फार्म और इससे सटे गांवों के लोग भुगत रहे हैं। कई बार दोपहिया वाहन गिर चुके हैं और कार व अन्य मालवाहक छोटे वाहन गड्ढों में फंस चुके हैं। कमोवेश यही हालत देवी रोड पर जलभराव से बनी है। निर्माणाधीन कोटद्वार-नजीबाबाद मार्ग भी बरसात से कीचड़ व गड्डायुक्त बन गया है। दोपहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। वाहनों के गुजरने पर गंदा पानी व कीचड़ स्कूली बच्चों और लोगों के कपड़े खराब कर रहा है। एसडीएम संदीप कुमार का कहना है कि संबंधित विभागों को बदहाल सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

