कोटद्वार,07 मई (आरएनएस)। जनपद में बुधवार देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। जिला मुख्यालय पौड़ी समेत पाबौ और थलीसैंण क्षेत्र में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही जबकि सड़कों पर पेड़ और टहनियां गिरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पौड़ी शहर के कंडोलिया-सर्किट हाउस मोटर मार्ग पर जिलाधिकारी आवास के समीप एक पेड़ सड़क पर गिर गया जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना पर पुलिस टीम ने पेड़ को हटकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु किया। तेज आंधी के कारण कई जगह बिजली की तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं जिससे आसपास के मोहल्लों में काफी देर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं, विकासखंड थलीसैंण में करीब आधे घंटे तक तेज ओलावृष्टि हुई। खेतों में खड़ी गेहूं, सब्जी और अन्य मौसमी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीण दीपक सिंह ने बताया कि ओलों की मार से खेती को खासा नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

