रायगढ़ 10 मई (आरएनएस) तमनार चौक पर पुलिस की नाकेबंदी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब चार अलग-अलग माजदा और ट्रक वाहनों में भरकर लाया जा रहा 14 टन 700 किलो संदिग्ध लोहा और टीना कबाड़ पकड़ा गया और रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन_प्रहार” के तहत एक ही कार्रवाई में 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त कर कबाड़ कारोबारियों की कमर तोड़ दी। रायगढ़ जिले में चोरी के माल, अवैध कबाड़ नेटवर्क और संदिग्ध परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मई 2026 को तमनार चौक पर सघन नाकेबंदी शुरू की थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धरमजयगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र से भारी मात्रा में कबाड़ लोड कर वाहन पूंजीपथरा की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव की टीम अलर्ट हुई और एक-एक कर चारों वाहनों को रोककर जांच शुरू की गई। सबसे पहले ट्रक क्रमांक CG 04 MR 2867 पकड़ा गया, जिसे धरमजयगढ़ निवासी 30 वर्षीय पुरूषोत्तम यादव चला रहा था। जांच में वाहन से करीब 3 टन 700 किलो लोहा और टीना कबाड़ मिला जिसकी कीमत करीब 88 हजार 800 रुपये आंकी गई। इसके बाद माजदा वाहन CG 14 MD 7161 को रोका गया जिसे जशपुर जिले के पालीडीह निवासी 23 वर्षीय दीपक राम मांझी चला रहा था। वाहन में लगभग 4 टन कबाड़ लोड मिला जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई। तीसरे वाहन CG 04 JD 7747 में सक्ती जिले के कुटराबोर निवासी 50 वर्षीय पुनवा राम नौरंग मिला जिसके वाहन से 3 टन लोहा और टीना कबाड़ बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये रही। चौथा वाहन CG 11 BM 6416 था जिसे सक्ती जिले के नंदेली भांठा निवासी 26 वर्षीय किशना सतनामी चला रहा था और इसमें भी करीब 4 टन कबाड़ भरा मिला जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने जब चारों चालकों से कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे तो कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। दस्तावेजों की अनुपस्थिति और कबाड़ की संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चोरी अथवा अवैध संपत्ति होने के संदेह में चारों वाहनों समेत पूरी सामग्री जब्त कर ली। कार्रवाई के दौरान कुल 14 टन 700 किलो कबाड़ और चारों वाहन मिलाकर 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की संपत्ति जप्त की गई। थाना पूंजीपथरा में आरोपियों के खिलाफ धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत इस्तगासा तैयार कर वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस बड़ी कार्रवाई में डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के साथ सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, गजेन्द्र पैंकरा और आरक्षक कीर्तन यादव की अहम भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि “ऑपरेशन_प्रहार” के तहत चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उद्योगों से लेकर आम नागरिकों तक सभी को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। फिलहाल रायगढ़ पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने कबाड़ के अवैध खेल में लगे नेटवर्क में खलबली मचा दी है और यह साफ संकेत है कि अब चोरी और संदिग्ध माल की आवाजाही पर पुलिस की नजर पहले से कहीं ज्यादा तेज हो चुकी है।


