मनी हाइस्ट के चाहने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दरअसल, नेटफ्लिक्स ने साफ कर दिया है कि ये सुपरहिट शो अभी खत्म नहीं हुआ है। हाल ही में एक छोटा सा वीडियो (टीजर) जारी किया गया है, जिससे पता चलता है कि इस कहानी का अगला हिस्सा जल्द आने वाला है यानी प्रोफेसर और उनकी टीम एक बार फिर नए मिशन के साथ वापसी करने के लिए तैयार है।
हालांकि, ये साफ नहीं है कि कहानी सीजन 6 के रूप में आगे बढ़ेगी या किसी खास किरदार पर नई सीरीज आएगी। ये खबर इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि 15 मई को ही बर्लिन सीरीज का दूसरा सीजन रिलीज होने वाला है। नेटफ्लिक्स ने अचानक यूट्यूब पर एक वीडियो शेयर कर फैंस को हैरान कर दिया है। मनी हाइस्ट का आखिरी सीजन साल 2021 में आया था, जिसके बाद से फैंस इसके लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
वीडियो की शुरुआत एक मैसेज से होती है, ये सब पैसों से शुरू हुआ और फिर सोने और खजानों तक जा पहुंचा। साथ ही इशारा है कि ये क्रांति अभी रुकी नहीं और अगला हिस्सा तैयार किया जा रहा है। डिस्क्रिप्शन में निर्माताओं ने बताया कि कुछ कहानियां एक सटीक हमले से शुरू होती हैं, लेकिन इस सीरीज ने सब बदल दिया। मनी हाइस्ट की कहानी नकद डकैती से शुरू होकर बैंक ऑफ स्पेन से सोना निकालने तक पहुंचती है।
एलेक्स पिना की बनाई मनी हाइस्ट की शुरुआत 2017 में स्पेनिश नेटवर्क से हुई थी, बाद में इसे नेटफ्लिक्स पर लाया गया। इस शो की कामयाबी को देखते हुए 2018 से 2021 तक इसके एक के बाद एक 5 सीजन रिलीज किए गए। इसी सीरीज ने दुनिया को प्रोफेसर के रूप में अल्वारो मोर्टे जैसे कलाकार से मिलवाया। भारत में भी मनी हाइस्ट को लेकर जबरदस्त दीवानगी है। यहां प्रोफेसर का किरदार और बेला चाओ गाना काफी लोकप्रिय है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

