रायगढ़ 19 मई (आरएनएस) चोरी के माल और अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि ट्रक भर कबाड़, हजारों किलो सरिया और लाखों की संदिग्ध संपत्ति एक साथ पुलिस कब्जे में आ गई, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हुई इस कार्रवाई ने कबाड़ माफियाओं और चोरी के सामान के कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना जूटमिल और थाना छाल पुलिस ने जिले में चल रहे अवैध कबाड़ नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 23 लाख रुपये की संदिग्ध संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने कुल 24 टन 53 किलोग्राम कबाड़ और सरिया बरामद किया है, जिसे चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वैधानिक कार्रवाई के तहत जब्त किया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई जूटमिल थाना क्षेत्र में हुई जहां मुखबिर से सूचना मिली कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग किनारे खड़े ओडिशा पासिंग ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 में भारी मात्रा में कबाड़ भरा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया। जांच में ट्रक के भीतर लोहे और टीन का भारी मात्रा में कबाड़ मिला। मौके पर मौजूद चालक प्रमोद कुमार यादव पिता उपेंद्र यादव उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम राहटी थाना हसनपुर जिला समस्तीपुर बिहार हाल मुकाम लक्ष्मी सागर चौक थाना लक्ष्मी सागर जिला भुवनेश्वर ओडिशा से जब दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने लिखित में दस्तावेज नहीं होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में करीब 24 टन कबाड़ जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये और ट्रक जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई, कुल लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ थाना जूटमिल में इस्तगासा क्रमांक 04/26 के तहत धारा 35 (क), (ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमश सिंह राजपूत, आरक्षक नरेश रजक और परमानंद पटेल की भूमिका अहम रही। वहीं दूसरी तरफ थाना छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में भोजराम पटेल के घर के सामने बने शेड पर दबिश देकर भारी मात्रा में लोहे का सरिया बरामद किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां चोरी का सरिया छिपाकर रखा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और भोजराम पटेल पिता विद्यानंद पटेल उम्र 38 वर्ष निवासी बेहरामार थाना छाल से पूछताछ कर तलाशी की सहमति ली गई। तलाशी के दौरान कामधेनु कंपनी का 8 एमएम का 22 बंडल, 10 एमएम का 21 बंडल और 12 एमएम का 12 बंडल सरिया मिला। कुल 5300 किलोग्राम यानी 53 क्विंटल सरिया जिसकी कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई, उसे गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। भोजराम पटेल कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 35(1-C) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन और आरक्षक राजेश राठौर शामिल रहे। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि जिले में चोरी के सामान, अवैध कबाड़ और संदिग्ध कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि अब चोरी का माल खपाना और अवैध कबाड़ का कारोबार करना आसान नहीं, क्योंकि पुलिस की नजर अब हर संदिग्ध ट्रक, गोदाम और शेड पर है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

