रायगढ़ 19 मई (आरएनएस) शादी की पार्टी नहीं देने की बात इतनी बढ़ी कि रात के अंधेरे में तीन लोग डंडा लेकर घर में घुस गए, महिलाओं और युवतियों को पीटा, दरवाजा तोड़ा और पूरे मोहल्ले में दहशत फैला दी, लेकिन घरघोड़ा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को दबोचकर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बरकसपाली गांव में हुआ यह विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल चुका है। प्रार्थिया धनमोती सारथी पति स्वर्गीय रामकुमार सारथी उम्र 45 वर्ष ने पुलिस को बताया कि 12 मई को पड़ोसी रामकुमारी सारथी के बेटे विनोद सारथी के विवाह समारोह में उनके परिवार को बुलाया गया था, लेकिन वहां पहुंचने पर रामलाल सारथी ने बाद में अलग से पार्टी देने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। 18 मई की शाम जब धनमोती सारथी ने रामलाल से पार्टी देने को लेकर सवाल किया तो वह नाराज होकर घर चला गया। रात करीब 9 बजे रामलाल सारथी, उसका बेटा मनोज सारथी और मंगल सिंह सारथी डंडा लेकर धनमोती के घर पहुंचे और गली में खड़े होकर दरवाजा खोलने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब दरवाजा नहीं खोला गया तो तीनों ने जबरन दरवाजा तोड़ दिया और घर के भीतर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। घर में चीख-पुकार मच गई। बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थिया की बेटियां सुक्रिता सारथी और अनिता सारथी को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा, जिससे दोनों घायल हो गईं। घटना की शिकायत मिलते ही घरघोड़ा पुलिस हरकत में आई और थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और इसके बाद आरोपी रामलाल सारथी पिता कुमार सिंह सारथी उम्र 45 वर्ष निवासी बरकसपाली थाना घरघोड़ा, मंगल सिंह सारथी पिता सुखसाय सारथी उम्र 58 वर्ष निवासी बरकसपाली थाना घरघोड़ा तथा मनोज सारथी पिता रामलाल सारथी उम्र 20 वर्ष निवासी बरकसपाली थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। बहरहाल, एक छोटी सी दावत का विवाद जिस तरह हिंसा और घर में घुसकर हमले तक पहुंचा, उसने साफ कर दिया कि गुस्से की एक चिंगारी पूरे परिवार की शांति को पलभर में राख बना सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

