कुशीनगर, 21 मई (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में कृषि विभाग की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उप कृषि निदेशक द्वारा पिछले माह प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी देते हुए विभागीय योजनाओं की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।
खरीफ सीजन के दृष्टिगत जनपद में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र एवं उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की बढ़ती मांग को देखते हुए किसानों को केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदने की सलाह दी गई है। साथ ही निर्देश दिए गए कि किसान अपने खेतों की मिट्टी की जांच अवश्य कराएं, जिससे आवश्यकतानुसार संतुलित उर्वरकों का उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि पीएम किसान योजना के अंतर्गत जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना फार्मर रजिस्ट्री के किसानों को भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। बैठक में जनपद में चल रहे एक पेड़ माँ के नाम अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि औषधीय एवं फलदार पौधों के रोपण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आगामी 31 मई तक गड्ढों की खुदाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाए तथा आगामी 30 जून तक पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि रक्षा, भूमि संरक्षण, कृषि विपणन, आत्मा परियोजना एवं किसान कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने किसानों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिया। बैठक में उपस्थित कृषि अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जिलाधिकारी ने किसानों के हित में पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

