बिजली कटौती से नाराज ग्रामीण भड़के, ऑफिस से निकालकर पार्क में बैठाया
प्रयागराज। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर आया। सराय इनायत क्षेत्र के हनुमानगंज स्थित 130 केवीए उपकेंद्र पर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एक्सईएन और जेई को घेर लिया। आरोप है कि नाराज लोगों ने दोनों अधिकारियों को कार्यालय से बाहर निकालकर परिसर स्थित पार्क में बैठा दिया और चारों ओर से घेरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में लगातार बिजली कटौती हो रही है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गायब रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। पेयजल संकट भी गहराने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद मजबूर होकर उन्हें उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एक्सईएन और जेई राजनाथ यादव को कार्यालय से बाहर निकालकर उपकेंद्र परिसर में ही बैठा लिया। प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और अधिकारियों को चारों तरफ से घेर लिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक इलाके की बिजली सप्लाई पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक किसी अधिकारी को जाने नहीं दिया जाएगा। उपकेंद्र पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी पहुंचे। लोगों का कहना था कि रातभर बिजली गुल रहने से बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है। उमस और गर्मी के चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
हंगामे और विरोध के बीच बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि फॉल्ट और ओवरलोडिंग की वजह से सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिसे ठीक कराने का काम चल रहा है। जल्द ही बिजली व्यवस्था सामान्य करने का आश्वासन दिया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

