दुर्ग 26 मई (आरएनएस) भिलाई और दुर्ग में लगातार बाइक चोरी की वारदातों से परेशान लोगों को आखिरकार राहत मिल गई, जब चोरी की मोटर सायकल बेचने ग्राहक तलाश रहे आरोपी को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर पकड़ लिया। मामला थाना छावनी और थाना दुर्ग क्षेत्र में हुई बाइक चोरी से जुड़ा है, जहां प्रगति नगर कैम्प-1 भिलाई निवासी कोमल देवांगन उम्र 38 वर्ष ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी होंडा साइन मोटर सायकल क्रमांक CG 07 BE 6696 अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 342/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही एसीसीयू टीम और थाना छावनी पुलिस हरकत में आई और संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी सलीम मलिक निवासी सोनिया गांधी नगर उत्तम टाकिज के पीछे भिलाई को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने पावर हाउस ओव्हर ब्रिज भिलाई और पोलसाय पारा दुर्ग क्षेत्र से मोटर सायकल चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से थाना छावनी और थाना दुर्ग क्षेत्र से चोरी हुई दो मोटर सायकल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। दुर्ग पुलिस ने साफ कहा है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बहरहाल, बाइक चुराकर जल्दी कमाई का सपना देखने वाले आरोपी का खेल अब सलाखों के पीछे खत्म हो गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

