० समय-सीमा और गुणवत्ता पर प्रशासन का फोकस, 15 जून तक पीएम आवास पूर्ण करने के निर्देश
सुकमा, 26 मई (आरएनएस)। जिले के जनपद पंचायत कोंटा अंतर्गत ग्राम पंचायत जगरगुंडा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माणाधीन आवासों और अन्य निर्माण कार्यों का जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अपूर्ण आवासों को आगामी 15 जून तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश से पहले सभी कार्यों को समय-सीमा में पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ठाकुर ने महिला स्व सहायता समूह की दीदियों से चर्चा कर योजनाओं के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया गया, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और आवास निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं दक्षता बढ़े।
मुकुंद ठाकुर ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन की सक्रियता और सतत निगरानी से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है तथा ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास मजबूत हो रहा है। इस अवसर पर तहसीलदार योपेंद्र पात्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

