बिलासपुर 30 मई (आरएनएस) मोटरसाइकिल और स्कूटी में शराब भरकर गांव-गांव पहुंचाने की तैयारी कर रहे तस्करों पर बिल्हा पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि अवैध शराब के कारोबार का पूरा खेल सड़क पर आ गया। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने 80 पाव देशी शराब, दो वाहन और तीन आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया। लगातार मिल रही अवैध शराब परिवहन की शिकायतों के बाद बिल्हा थाना पुलिस पहले से ही सतर्क थी और ग्रामीण क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर निगरानी रख रही थी।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना की विशेष टीम ने 30 मई 2026 को मुखबिर सूचना पर आमापारा बिल्हा और डोडकीभाठा क्षेत्र में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 यू 6654 में सवार भागवत प्रसाद भारद्वाज पिता स्व. बुधारी प्रसाद भारद्वाज, उम्र 46 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11 डोडकी, थाना बिल्हा को रोका गया। तलाशी में उसके कब्जे से 35 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक सीजी 10 बीएन 8246 में सवार मंगल कुर्रे पिता रामनाथ कुर्रे, उम्र 28 वर्ष तथा दुर्गेश दास मानिकपुरी पिता उमेंद दास, उम्र 21 वर्ष, दोनों निवासी डोडकीभाठा, थाना बिल्हा के कब्जे से 25 पाव देशी प्लेन और 20 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई।
कुल 80 पाव देशी शराब यानी 14.400 लीटर अवैध मदिरा और परिवहन में प्रयुक्त दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 290/2026 एवं 291/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अरविंद तिग्गा, संतोष यादव, आरक्षक सुमन चंद्रवंशी, संतोष मरकाम और हरदीप मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल बिल्हा पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के लिए क्षेत्र में अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।

