लखनऊ,30 मई(आरएनएस)। अपराध शाखा, स्वाट/सर्विलांस टीम (पूर्वी) और विभूतिखण्ड थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गोमतीनगर क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार 25 और 26 मई 2026 की रात लखनऊ पब्लिक स्कूल, विनम्रखंड गोमतीनगर के पास कुछ लोगों ने एक युवक को पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और मौके से फरार हो गए थे। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।इस मामले में 27 मई 2026 को अयोध्या निवासी सौरभ सिंह की तहरीर पर विभूतिखण्ड थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि उनके भाई शिवम सिंह उर्फ शिव स्वयं सिंह (30) के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। बाद में उपचार के दौरान शिवम सिंह की मृत्यु हो गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में शान्तनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक, विवेक सिंह तथा अनुज सिंह के नाम प्रकाश में आए।संयुक्त पुलिस टीम ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर 29 मई को शान्तनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक और विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद किया। वहीं फरार आरोपी अनुज सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं तथा घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों में शान्तनु उर्फ अंकित रावत निवासी डालीगंज क्रासिंग, थाना अलीगंज, हनी तिवारी उर्फ विवेक निवासी सेक्टर-बी अलीगंज तथा विवेक सिंह निवासी थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शान्तनु और हनी तिवारी के खिलाफ पूर्व में भी लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर और शस्त्र अधिनियम समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 115(2), 109(1) और 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और अन्य तथ्यों की जांच जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

