बलौदाबाजार भाटापारा 1 मई (आरएनएस) सूना मकान देखकर लाखों के जेवर और नकदी समेटकर फरार हुए दो शातिर चोर आखिरकार पुलिस के जाल में फंस गए। भाटापारा शहर पुलिस ने बिलासपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की। मामला सुभाष वार्ड भाटापारा का है, जहां मकान मालिक ढाल सिंह ठाकुर अपनी पत्नी के इलाज के लिए रायपुर गए हुए थे। इसी दौरान उनके सूने घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा 21 मई की सुबह तब हुआ जब घर काम करने पहुंची नौकरानी ने टूटा ताला और बिखरा सामान देखा। शिकायत पर थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 172/2025 के तहत धारा 305ए और 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि मोहल्ले में किराए से रहने वाले दो संदिग्ध युवक घटना के बाद से गायब हैं। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस टीम बिलासपुर पहुंची और दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में 40 वर्षीय अरुण साल्वे, निवासी मंडी चौक टिकरापारा बिलासपुर, जो भाटापारा में किराए से रह रहा था, तथा उसका साथी 34 वर्षीय संजय खरे, निवासी टिकरापारा बिलासपुर, ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि अरुण ने मोहल्ले की रेकी कर मकान के सूना होने की जानकारी जुटाई थी और फिर अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 10 तोला सोना, 20 तोला चांदी और ₹23,420 नगद सहित कुल ₹15,71,420 मूल्य का सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है । बहरहाल, इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी दिखाएं, पुलिस की नजर और कानून की पकड़ से ज्यादा दूर नहीं भाग सकते।



