0 पांच आरोपी दबोचे गए
जांजगीर-चांपा, 01 जून (आरएनएस)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने किराए पर भारी वाहन लेकर फरार होने वाले एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में जेसीबी, हाइवा और अन्य भारी वाहनों की ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, महंगा मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना अकलतरा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
किराए के नाम पर करते थे ठगी
मामले की शुरुआत तब हुई जब पिपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी जेसीबी मशीन को किराए पर लेने के नाम पर कुछ लोगों ने 1.40 लाख रुपये प्रतिमाह किराया और 50 हजार रुपये अग्रिम देने का झांसा दिया। वाहन लेने के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गए और जेसीबी में लगा जीपीएस भी निकाल दिया।
जीपीएस की अंतिम लोकेशन जबलपुर में मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आए कई ठगी के मामले
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे किरायानामा और खरीद-बिक्री के फर्जी दस्तावेज बनाकर वाहन अपने कब्जे में लेते थे और बाद में दूसरे राज्यों में बेच देते थे। जांच में जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर से जुड़ी कई ठगी की घटनाएं सामने आई हैं।
पुलिस ने मामले में तीरथराज कुर्रे (21 वर्ष), बकरकूदा, बिलासपुर, राहुल खांडे (24 वर्ष), सीपत खम्हरिया, बिलासपुर, सन्नी लाल पाटले (35 वर्ष), बम्हनीन, अकलतरा, शिवम जायसवाल (28 वर्ष), त्रिवेणी नगर, जबलपुर, भरत गुप्ता (47 वर्ष), व्यापार विहार बिलासपुर/विजय नगर जबलपुर कों गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी मशीन, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, सैमसंग गैलेक्सी एस-24 अल्ट्रा मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया है, गिरोह के मास्टरमाइंड भरत गुप्ता को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पहले से भी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में जेसीबी ठगी का मामला दर्ज है। उसकी निशानदेही पर जबलपुर से एक जेसीबी बरामद की गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन किराए पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति का सत्यापन अवश्य करें और वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को सक्रिय रखें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

