रायपुर, 01 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ फेस-2 में एक युवक उर्व कौशिक द्वारा क्रिकेट सट्टेबाज़ी में फंसकर आत्महत्या किये जाने कि जानकारी सामने आई हैं, हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच शुरू कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
बता दे कि गुरुवार सुबह इंद्रप्रस्थ फेस-2 के सी ब्लॉक की नौवीं मंजिल के पास युवक का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी में शामिल था। बताया जा रहा है कि शुरुआत में उसे कुछ आर्थिक लाभ हुआ था, लेकिन बाद में लगातार नुकसान का सामना करना पड़ा। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, युवक पर आर्थिक दबाव बढ़ गया था और वह तनाव में चल रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।
घटना के बाद पुलिस ने बिल्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों, परिचितों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर युवक की गतिविधियों और मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
डीडी नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक किन ऑनलाइन प्लेटफॉम्र्स के माध्यम से सट्टेबाजी में शामिल था और क्या इस मामले में किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

