देहरादून 1 जून (आरएनएस)। गढ़ी केंट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर एक बार फिर पर्यावरण और विरासत संरक्षण का मुद्दा गर्माने लगा है। स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने दावा किया है कि डाकरा मार्केट स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने ऐतिहासिक वैदिक घराट तथा बड़ी संख्या में पेड़ों पर परियोजना के चलते खतरा मंडरा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से 4 जून को शाम 5 बजे वैदिक घराट नंबर-1, डाकरा मार्केट, गढ़ीकेंट में एकत्र होने की अपील की गई है। आयोजनकर्ताओं का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इनके नाम पर ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।पोस्ट में सड़क चौड़ीकरण के कारण 700 से अधिक पेड़ों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। हालांकि इस संबंध में अभी तक संबंधित विभागों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। हाल के महीनों में न्यू कैंट रोड और गढ़ीकेंट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर पेड़ों की कटाई और पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

