रायपुर, 01 जून (रायपुर)। राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला गुढिय़ारी थाना क्षेत्र का है, जहां एक बदमाश ने खुद को शहर का डॉन बताते हुए एक नाबालिग पर सीजर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी रौनक यादव ने किसी बात को लेकर नाबालिग पर सीजर ब्लेड से हमला कर दिया। वारदात में पीडि़त के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही गुढिय़ारी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रौनक यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी अड्डेबाजी और आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
राजधानी में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और हमले की घटनाओं के बीच इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

