गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 01 जून (आरएनएस)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित बकरीद शुभकामना पोस्टर को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक पोस्टर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अमित जोगी की तस्वीर के साथ बकरीद की शुभकामनाएं दिखाई गई थीं। आरोप है कि पोस्टर में बकरे के साथ गाय की तस्वीर भी जोड़ी गई थी, जिसके बाद इसे लेकर विवाद शुरू हो गया। कुछ हिंदूवादी संगठनों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
विवाद बढऩे पर अमित जोगी ने वायरल पोस्टर को फर्जी और भ्रामक बताते हुए कहा कि उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसा कोई पोस्ट जारी नहीं किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ईद-उल-अज़हा के शुभकामना संदेश के साथ छेड़छाड़ कर उसे गलत तरीके से वायरल किया गया है। उनके अनुसार यह उनकी छवि खराब करने और जिले में सांप्रदायिक माहौल बिगाडऩे की साजिश है।
अमित जोगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एफआईआर की प्रति साझा करते हुए बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 336(3), 356(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल पोस्टर के मूल स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर सेल यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्टर किसने तैयार किया और किन सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए इसे प्रसारित किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

