जगदलपुर 1 जून (आरएनएस) युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने की कोशिश कर रहे एक कथित नशा तस्कर पर बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 136 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। नया बस स्टैंड के पीछे ग्राहक का इंतजार कर रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा और उसके कब्जे से 54,400 रुपये कीमत की अवैध नशीली दवाएं बरामद कीं। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि बस्तर पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है।
मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 31 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे आम के पेड़ के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बंटू चौहान पिता अनिल चौहान, उम्र 27 वर्ष, निवासी अडावाल खासपारा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल Pyeevon Spas Plus Tramadol HCL के 17 पत्ते, कुल 136 नग बरामद हुए। बरामद सामग्री की कीमत 54,400 रुपये आंकी गई है। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 21(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया है। बहरहाल, नशे के खिलाफ बस्तर पुलिस की यह कार्रवाई उन लोगों के लिए साफ चेतावनी है जो युवाओं के भविष्य को नशे के अंधेरे में धकेलने की साजिश रच रहे हैं।

