देहरादून 1 जून (आरएनएस)। छह नंबर पुलिया के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में 32 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। उनकी चार वर्षीय मासूम बेटी अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। मृतका की बहन की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी थाने में सोमवार को केस दर्ज हुआ। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि प्रेमपुर माफी, कौलागढ़ निवासी प्रीति ढौंढियाल ने तहरीर दी। बताया कि उनकी बहन सपना उम्र 32 वर्ष अपने पति सुमित और चार साल की बेटी राधिका के साथ स्कूटर से कौलागढ़ से हर्रावाला जा रही थीं। स्कूटर सुमित चला रहे थे। जैसे ही वे छह नंबर पुलिया के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सपना की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुमित और मासूम राधिका गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्ची की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं सोमवार को सपना के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

