लखनऊ(आरएनएस ):राजधानी लखनऊ के थाना नाका हिण्डोला क्षेत्र अंतर्गत मोतीनगर चौराहे के पास दिनांक 03 जून 2026 को एक सड़क दुर्घटना में रिक्शा चालक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक बाइक सवार युवक ने रिक्शा चालक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में घायल हुए 50 वर्षीय रवि महतो, पुत्र विशम्भर महतो, निवासी श्रम विहार नगर स्टेडियम के पीछे झोपड़पट्टी, थाना आलमबाग, लखनऊ को तत्काल स्थानीय पुलिस की सहायता से बलरामपुर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।पुलिस के अनुसार, सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई और घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने रवि महतो को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी श्रीमती गुलाब देवी द्वारा दी गई तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना नाका हिण्डोला में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में मु0अ0सं0 93/2026, धारा 281/125(बी) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।अधिकारियों ने बताया कि मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

