नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव ने परखीं कार्यक्रमों की तैयारियां
प्रयागराज। नोडल अधिकारी- प्रयागराज प्रमुख सचिव, सहकारिता विभाग, उत्तर प्रदेश अजय कुमार शुक्ला की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की उपस्थिति में गुरूवार को संगम सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून से 21 जून के मध्य जनपद में समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के संचालन हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जिन विभागों के कार्यों की रैकिंग सी व डी श्रेणी में है, उन कार्यों में सुधार लाते हुए उसे ए श्रेणी में लाए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा के अन्तर्गत पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट की कार्ययोजना बनाने से पूर्व सम्बंधित क्षेत्र का भ्रमण कर वहां की भौगोलिक स्थितियों का आंकलन करते हुए उसके अनुसार डीपीआर तैयार किया जाये, जिससे कार्यों को समयसीमा के अन्तर्गत पूर्ण कराये जाने में कोई व्यवधान न हो।
उन्होंने इस अवधि में ग्राम चौपाल का आयोजन, पदयात्रा, प्रबुद्ध सम्मेलन, भव्य रूप से योग दिवस के आयोजन तथा मलिन बस्तियों में भी व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराये जाने के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार यादव, सीएमओ ए0के0 तिवारी, अपर जिलाधिकारी नजूल संजय पाण्डेय सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

