कंगना रनौत एक बार फिर पर्दे पर अपनी दमदार अदाकारी का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। उनकी बहुचर्चित फिल्म भारत भाग्य विधाता की रिलीज तारीख का आधिकारिक ऐलान हो गया है। 26/11 के मुंबई हमलों के दौरान कामा अस्पताल में नर्सों और मेडिकल स्टाफ के अदम्य साहस पर आधारित इस फिल्म में कंगना एक नर्स की मुख्य भूमिका निभा रही हैं। पर्दे पर कब दस्तक देगी भारत भाग्य विधाता, आइए जानते हैं।
कंगना की बहुप्रतीक्षित फिल्म भारत भाग्य विधाता की रिलीज तारीख का आधिकारिक ऐलान हो गया है। सच्ची घटना पर आधारित ये थ्रिलर फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मनोज तपडिय़ा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26/11 के मुंबई हमलों के दौरान कामा अस्पताल के उन अनसंग हीरोज की बहादुरी को सलाम करती है, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर 400 लोगों को सुरक्षित बचाया था। फिल्म में कंगना एक नर्स की मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
कंगना के प्रोडक्शन हाउस मणिकर्णिका फिल्म्स ने अपनी अगली बड़ी फिल्म भारत भाग्य विधाता का आधिकारिक पोस्टर जारी कर दिया है। फिल्म के इस पोस्टर के साथ साझा किया गए संदेश में लिखा गया, साधारण लोगों की एक असाधारण कहानी! इंसानियत की वो दास्तां, जब डर से कहीं बड़ा हौसला नजर आया। जब जिम्मेदारी ही बलिदान बन गई, जब एकता ही सबसे बड़ा कर्तव्य बनी और साहस ने बचाई मासूम जिंदगियां। पेश है भारत के असली नायकों की अनकही कहानी।
कंगना ने कहा, हम अक्सर शोर मचाने वाली बहादुरी का जश्न मनाते हैं, लेकिन असली साहस वो होता है, जो मौके पर डटा रहे, पीछे न हटे और जिम्मेदारी उठाए। भारत भाग्य विधाता साहस, बलिदान, इंसानियत और एकता की एक ऐसी अनकही कहानी है, जहां साधारण लोग आतंक और जिंदगी के बीच ढाल बनकर खड़े हो गए। ये देशभक्ति का सबसे शुद्ध रूप है, जहां कर्तव्य ही कर्म बन जाता है।
कंगना आगे बोलीं, मुझे उस कहानी का हिस्सा बनने पर गर्व है, जो उन लोगों को सलाम करती है, जिन्होंने शहर के सबसे कठिन पलों में उसे थामे रखा। मुझे दर्शकों की प्रतिक्रिया का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म में कंगना के साथ कलाकारों की एक शानदार फौज नजर आएगी, जिसमें गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका अगाशे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे मंझे हुए सितारे अहम भूमिकाओं में हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

